प्रियंका के यूपी दौरे का आखिरी दिन; पीएम के संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से होगी मुलाकात



लखनऊ. कांग्रेस महासचिव व पूर्वी यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के यूपी दौरे का आज चौथा दिन है। प्रियंका गांधी अपने हिस्से की लोकसभा सीटों के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठक कर जमीनी हकीकत की टोह ले रही हैं। प्रियंका दो दिनों में अब तक 30 लोकसभा सीटों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुकी हैं। गुरुवार को 11 लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से प्रियंका की मुलाकात होगी। इसमें पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी भी शामिल है।

आज इन सीटों के कार्यकर्ताओं से होगी मुलाकात
14 फरवरी को प्रियंका गांधी घोषी, सलेमपुर, बलिया, जौनपुर, मछलीशहर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर व राबर्ट्सगंज के बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। शाम साढ़े पांच से साढ़े छह के बीच नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।

पेंशन मुद्दे पर कर्मचारी संगठनों से की मुलाकात
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की है। प्रियंका ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाली का आश्वासन दिया। उन्होंने इस मुद्दे को अगले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र में शामिल करने का भी भरोसा दिया।

यूपी में कांग्रेस का पहला गठबंधन
दो दिनों तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जमीनी टोह लेने के बाद बुधवार शाम प्रियंका गांधी व ज्योतिरादित्य मीडिया के सामने आए। इस दौरान प्रदेश में कांग्रेस के साथ पहले गठबंधन की घोषणा की गई। प्रियंका ने कहा कि राहुल जी ने हमें बड़ा लक्ष्य दिया है। हम जी जान से 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। कहा, मैं महान दल के नेता केशव देव मौर्या जी का स्वागत करना चाहती हूं। यह हमारे साथ चुनाव लड़ेंगे। पश्चिम यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, हमारी सोच के साथ मिलकर महान दल इस संग्राम में काम करेगा। एक ऐसी सरकार स्थापित करने के लिए केंद्र में और उसके बाद प्रदेश में, जो जनता की सेवा के लिए तत्पर हो और एक सशक्त भारत, एक सशक्त उत्तर प्रदेश बने। राहुल जी की विचारधारा से प्रभावित होकर महान दल ने अपना समर्थन कांग्रेस पार्टी को दिया है।

बसपा में थे केशव देव मौर्य
कुशवाहा समाज से आने वाले केशव देव मौर्य पहले बसपा में थे। उन्होंने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछड़ों में यादवों के बाद सबसे बड़ी आबादी कुशवाहा, निषाद, नाई, राजभर समाज की है, लेकिन क्या अखिलेश या मायावती बताएंगी कि इन जातियों को कितना फीसदी आरक्षण दिया गया? इन लोगों ने कभी भी हिस्सेदारी की बात नहीं की। इन लोगों को पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के नाम पर सत्ता मिली, लेकिन उस समय इनको याद नहीं आया कि पिछड़ी जाति में दूसरी जाति के लोग भी हैं।

https://platform.twitter.com/widgets.js

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


प्रियंका ने लखनऊ में रोड शो किया था।

from Dainik Bhaskar
http://bit.ly/2SuVKwB

Leave a comment